27 खोली में भीषण आग से घर जलकर खाक,फायर ब्रिगेड की लेटलतीफी पर उठे सवाल….

बिलासपुर। पॉश इलाके 27 खोली विकास नगर में सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान से अचानक धुएं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही घर में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकले और आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी।
दरअसल जिस परिवार के घर में आग लगी, वह किराए से रहता है और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घर में ज्यादा कीमती सामान तो नहीं था, लेकिन बिस्तर, पलंग, कपड़े और रोजमर्रा का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार में 6 से 8 सदस्य रहते हैं, जिनके सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर करीब 2 बजे से इलाके की बिजली बंद थी। शाम को घर की महिलाओं ने पूजा के लिए दिया जलाया था और उसके बाद सभी लोग घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान घर के अंदर आग लग गई। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि जलते दिए से ही आग फैली। आग तेजी से बढ़ती देख कॉलोनी के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला, जिससे बड़ा विस्फोट और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर स्टेशन पास में होने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया।