Blog

गणेश और तीजा पर्व के बीच युवक के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार,इलाज के लिए सिम्स पहुंचते ही मौत

नशा मुक्ति केंद्र से लौटा, फिर नशा कर पड़ोसी को दिनदहाड़े चाकू से गोदा

बिलासपुर। तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के बीच सकरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। सोमवार शाम ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीने में चाकू के कई वार लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास के ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सिम्स में डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के बगल में अमन सूर्यवंशी 23 वर्ष पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी 22 वर्ष पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। अचानक हुए चाकू के हमले से आकाश लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात से आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की पूछताछ के बाद होने की बात कही जा रही है। मृतक के शव को सिम्स की मर्च्यूरी में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सकरी क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं के बीच हत्या की इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नशा छुड़ाने कई बार भेजा, नहीं छूटी लत

सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और वारदात के समय भी नशे में था। वह कुछ समय पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन उसकी नशे की लत छुड़ाने के लिए पहले भी कई बार नशा मुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और इलाज कराने का प्रयास कर रहे थे। इसके बावजूद उसकी नशे की आदत नहीं छूटी और सोमवार को उसने पड़ोसी की जान ले ली।

एक माह में 9 हत्या से थर्राया शहर

शहर में पिछले कुछ समय से तेजी से चाकूबाजी की वारदात बढ़ी है और हत्या की वारदात हो रही है। 10 अगस्त को देवरीखुर्द गदा चौक शराब दुकान के सामने आटो चालक संतोष साहू, 25 अगस्त को हिरीं पथराली निवासी राजू निर्मलकर, 28 अगस्त को हरदीकला निवासी सुभाष कुर्रे व हरदी निवासी राकेश प्रजापति, 2 सितंबर को आरपीएफ कालोनी रेलवे ठेकेदार के यार्ड में सुपरवाइजर नरेश गुप्ता, 8 सितंबर को पेण्डारी अवैध मुरूम खदान के गड्डे में किन्नर बादल पासी, 13 सितंबर को कोनी घुटकू निवासी 2 साल की बच्ची परमेश्वरी उर्फ लता लोनिया, 11 सितंबर को लोखंडी निवासी शेख इस्माइल की हत्या कर दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *