310 करोड़ के बिजली बकाये का असर..तिफरा में पंप हाउस के 5 मीटर ऑटो लॉक, पानी सप्लाई पर संकट
दोपहर में कनेक्शन बहाल, निगम के 1500 कनेक्शनों पर अब भी ऑटो लॉक का खतरा
स्ट्रीट लाइट के बाद पंप हाउस भी कार्रवाई की जद में
बिलासपुर। नगर निगम के करीब 310 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बिजली बिल बकाये का असर अब शहर की जरूरी सेवाओं से जुड़े कनेक्शनों पर दिखाई देने लगा है। बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर बिजली कंपनी ने निगम के कनेक्शनों में ऑटो लॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार को तिफरा क्षेत्र में निगम के 5 पंप हाउस के बिजली मीटर ऑटो लॉक हो गए। इससे पंप बंद होने की स्थिति बन गई और क्षेत्र में पानी सप्लाई प्रभावित हुई। सोमवार दोपहर इन कनेक्शनों को दोबारा बहाल किया गया।
नगर निगम के शहर में करीब 1500 बिजली कनेक्शन हैं। इनमें स्ट्रीट लाइट, पंप हाउस और निगम की अन्य सुविधाओं से जुड़े कनेक्शन शामिल हैं। बकाया बिजली बिल का भुगतान समय पर नहीं होने पर अब सिस्टम के जरिए कनेक्शन ऑटो लॉक किए जा रहे हैं। ऐसे में हर कनेक्शन को अलग से काटने की जरूरत नहीं पड़ रही है। भुगतान नहीं होने पर संबंधित मीटर लॉक हो रहा है।
कुछ दिन पहले निगम की स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन भी काटा गया था। अब पंप हाउस के 5 मीटर ऑटो लॉक होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। पंप हाउस का कनेक्शन बंद होने पर संबंधित इलाके की पानी सप्लाई सीधे प्रभावित हो सकती है।
एक-एक कर लॉक हुए तो 1500 कनेक्शनों पर संकट
निगम के करीब 1500 बिजली कनेक्शनों में यदि बकाया बिल का भुगतान नहीं हुआ तो ऑटो लॉक की कार्रवाई दूसरे कनेक्शनों तक भी पहुंच सकती है। इसका सबसे बड़ा असर शहर की जरूरी सेवाओं पर पड़ने की आशंका है। स्ट्रीट लाइट के बाद पंप हाउस के मीटर लॉक होना निगम के लिए बड़ा संकेत है कि बिजली बकाये का असर अब सीधे जनसुविधाओं पर पड़ सकता है।
निगम का बिल अटका तो जनता की सप्लाई अटकेगी
बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर ऑटो लॉक की कार्रवाई सिर्फ निगम के स्तर तक सीमित नहीं रहेगी। पंप हाउस के कनेक्शन लॉक होने से पानी की टंकियां भरने और घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। वहीं स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन बंद होने पर शहर की सड़कों पर अंधेरा छा सकता है। यानी बकाया निगम का है, लेकिन कनेक्शन लॉक होने का खामियाजा सीधे शहर की जनता को भुगतना पड़ सकता है।
दो दिन तिफरा में पानी के लिए परेशान रहे लोग
तिफरा क्षेत्र में पंप हाउस के कनेक्शन लॉक होने के कारण रविवार और सोमवार को लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। निगम ने अस्थायी व्यवस्था के तौर पर टैंकर भेजे, लेकिन इससे लोगों की परेशानी पूरी तरह दूर नहीं हो सकी। लोगों को दिनभर पानी की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ा। सोमवार दोपहर पंप हाउस के कनेक्शन बहाल होने के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जगी।
वर्जन
बकाया राशि के कारण बहुत सारे बिजली कनेक्शन काटे गए थे।बकाया।जमा हुआ है तो बिजली जोड़ा गया है।जिनका भी बकाया रहेगा उनका बिजली कनेक्शन काटा जाएगा।
एसके जांगड़े
अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग